सहारनपुर। नुमायश शमशान घाट पर विद्युत शवदाह गृह का काम शुरु हो गया है। करीब एक माह में यह पूरा हो जायेगा। मेयर संजीव वालिया ने पूर्व विधायक राजीव गुंबर व अनेक पार्षदों के साथ कार्यस्थल का निरीक्षण किया और निर्माण विभाग को जल्दी से जल्दी कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। महानगर के सात शमशानों में निगम द्वारा कोविड शवों के दाह संस्कार हेतु 23 प्लेट फार्म का निर्माण कराया जा चुका है तथा 6 प्लेट फार्म का निर्माण कराया जा रहा है।
नुमायश कैंप शमशान घाट में सहारनपुर के पहले विद्युत शवदाह गृह का निर्माण नगर निगम द्वारा कराया जा रहा है। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि विद्युत दाहगृह की लगभग 40 लाख रुपये मूल्य की मशीन आईटीसी के सहयोग से लगायी जायेगी। जबकि उसे स्थापित करने और उस क्षेत्र के शेड व सौंदर्यकरण पर लगभग 50 लाख रुपये का व्यय आयेगा। उन्होंने बताया कि शवविद्युत दाह गृह के लिए 20 किलोवाट के एक जनरेटर की व्यवस्था करने के अलावा 10 किलोवाट का एक बिजली कनेक्शन भी लिया जायेगा।
मेयर संजीव वालिया ने ब्रहस्पतिवार को नुमायश कैंप शमशान घाट पर विद्युत शवदाह गृह निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि कार्य शुरु हो चुका है, निर्माण विभाग के अधिकारियों को कार्य शीघ्र पूरा करने के लिए कहा गया है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि करीब एक महीने में यह चालू हो जायेगा। इसके शुरु हो जाने से कोरोना संक्रमित शवों के अंतिम संस्कार में आने वाली परेशानियों भी दूर होंगी और शवों का संस्कार सम्मान के साथ किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि यह सहारनपुर जनपद में पहला विद्युत शवदाह गृह होगा। मेयर वालिया ने बताया कि इसके अतिरिक्त नगर निगम द्वारा महानगर के शिवपुरी शमशान में 9 प्लेटफाॅर्म, हकीकत नगर में 3, नुमायश कैंप, जैन शमशान व मनोहरपुर में 2-2, सांवलपुर नवादा में 4 प्लेटफाॅर्म बनवाये जा चुके हैं और बाबालाल दास शमशान में 4 तथ जैन शमशान में दो और प्लेटफाॅर्म बनवाये जा रहे है।
मेयर ने बताया कि शिवपुरी व हकीकत नगर के पुराने टीन शेड भी नगर निगम द्वारा बदलवाये जा रहे है। इन पर लगभग साढे़ 13 लाख रुपये व्यय का अनुमान है। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजीव गुंबर, पार्षद अशोक राजपूत, मानसिंह जैन, मनोज जैन, पार्षद प्रतिनिधि सुरेंद्र धवन व नितिन सिंघल के अलावा भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज शर्मा व राजीव गुप्ता आदि भी मौजूद रहे।
सहारनपुर- मेला गुघाल के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में नगर निगम द्वारा गढ़वाल सभा सहारनपुर के सहयोग से जनमंच सभागार में ‘देवभूमि सांस्कृतिक गीत संध्या’ का आयोजन किया गया। उद्घाटन उत्तराखण्ड के दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री कैलाश पंत, महापौर डॉ.अजय कुमार, नगर विधायक राजीव गुंबर, पूर्व महापौर संजीव वालिया, हेमंत अरोड़ा, राहुल शर्मा व मेला चेयरमैन मनोज प्रजापति व पार्षद सुधीर पंवार आदि ने स्वतंत्रता सेनानी व पेशावर काण्ड के नायक वीर चंद्रसिंह गढ़वाली, स्वतंत्रता सेनानी देव सुमन तथा भारत के प्रथम सीडीएस जनरल विपिन रावत के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित व रिबन काटकर किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि कैलाश पंत ने कहा कि उत्तराखण्ड की प्रत्येक घाटी में अलग संस्कृति और प्रत्येक चोटी पर अलग बोली मिलती है। उन्होंने कहा कि कुमाऊंनी, जौनसारी सहित उत्तराखण्ड की विभिन्न संस्कृतियों की तरह गोगावीर जी से जुड़ी संस्कृति भी लोगों को प्रभावित करती है। संस्कृतियां लोगों को संस्कार देती हैं। उन्होंने मेला गुघाल में पर्वतीय संस्कृति के कार्यक्रम के आयोजन के लिए महापौर व नगर निगम का आभार जताया।...