सहारनपुर-सहारनपुर प्रभारी व प्रदेश सरकार के इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री सुनील शर्मा ने आज यहां अग्रसेन चौक पर झाडू लगाकर ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान की शुरुआत की। प्रभारी मंत्री व अभियान में शामिल सभी लोगों ने स्वच्छता की शपथ भी ली। अभियान आज से शुरु होकर राष्ट्रपिता महात्मा गंाधी की जयंती 2 अक्तूबर तक चलेगा।
प्रभारी मंत्री सुनील शर्मा मंगलवार की सुबह अग्रसेन चौक और महापौर डॉ. अजय कुमार, विधायक राजीव गुंबर, महानगर अध्यक्ष पुनीत त्यागी, सीडीओ सुमित राजेश महाजन, नगरायुक्त संजय चौहान व पार्षद राजेन्द्र कोहली आदि के साथ अग्रसेन चौक से रोडवेज बस स्टैण्ड तक झाडू लगाकर स्वच्छता ही सेवा अभियान की शुरुआत की। अभियान में अपर नगरायुक्त राजेश यादव व मृत्युंजय, मुख्य अभियंता निर्माण बी के सिंह, एई विपुल कुमार जेडएसओ राजीव चौधरी, कर अधीक्षक सुधीर शर्मा, मुख्य सफाई निरीक्षक इंद्रपाल सहित निगम के अनेक अधिकारी, एसबीएम मंडल कोर्डिनेटर जसलीन कौर, आईटीसी सुनहरा कल के वालंटियर्स, जैन डिग्री कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स के अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता सुनील गुप्ता, महानगर उपाध्यक्ष मनोज ठाकुर और मंडल अध्यक्ष हन्नी वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री सुनील शर्मा ने अभियान में शामिल लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलायी और सभी लोगों को महानगर को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता हमारा संस्कार भी होना चाहिए और सेवा भी। स्वच्छता लोगों के लिए उतनी ही आवश्यक है जितना जीवन के लिए भोजन। हमारा परिवेश स्वच्छ रहेगा तो हम और हमारा परिवार स्वस्थ रहेगा।
नगरायुक्त संजय चौहान ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान की शुरुआत प्रदेश सरकार के मान्य मंत्री सुनील शर्मा ने आज की है, यह अभियान गांधी जयंती दो अक्तूबर तक चलेगा। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत पूरे महानगर पर सफाई की दृष्टि से मुख्य फोकस रहेगा। इस बीच स्कूलो, नालों, तालाबों, वेंडिंग जोन आदि स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जायेगा।
सहारनपुर- मेला गुघाल के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में नगर निगम द्वारा गढ़वाल सभा सहारनपुर के सहयोग से जनमंच सभागार में ‘देवभूमि सांस्कृतिक गीत संध्या’ का आयोजन किया गया। उद्घाटन उत्तराखण्ड के दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री कैलाश पंत, महापौर डॉ.अजय कुमार, नगर विधायक राजीव गुंबर, पूर्व महापौर संजीव वालिया, हेमंत अरोड़ा, राहुल शर्मा व मेला चेयरमैन मनोज प्रजापति व पार्षद सुधीर पंवार आदि ने स्वतंत्रता सेनानी व पेशावर काण्ड के नायक वीर चंद्रसिंह गढ़वाली, स्वतंत्रता सेनानी देव सुमन तथा भारत के प्रथम सीडीएस जनरल विपिन रावत के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित व रिबन काटकर किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि कैलाश पंत ने कहा कि उत्तराखण्ड की प्रत्येक घाटी में अलग संस्कृति और प्रत्येक चोटी पर अलग बोली मिलती है। उन्होंने कहा कि कुमाऊंनी, जौनसारी सहित उत्तराखण्ड की विभिन्न संस्कृतियों की तरह गोगावीर जी से जुड़ी संस्कृति भी लोगों को प्रभावित करती है। संस्कृतियां लोगों को संस्कार देती हैं। उन्होंने मेला गुघाल में पर्वतीय संस्कृति के कार्यक्रम के आयोजन के लिए महापौर व नगर निगम का आभार जताया।...